Health Tips: आजकल कड़ी धूप और भीषण गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर दिया है. सेहतमंद बने रहने के लिए जितना जरूरी संतुलित और पौष्टिक खाना खाना है, उतना ही जरूरी है पूरे दिन भरपूर मात्रा में पानी पीना.लगातार पानी पीने से शरीर से हानिकारक टॉक्सिन बाहर निकल जाते हैं, साथ ही शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है और किडनी में पथरी होने का खतरा भी कम हो जाता है.
हर इंसान के शरीर को कितने पानी की जरूरत है, ये उसके काम के नेचर और धूप में बिताए गए समय पर निर्भर करता है. आम तौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना 2.5 से 3 लीटर पानी या कोई लिक्विड पीने की सलाह दी जाती है.शरीर के वजन के हिसाब से देखें तो प्रति किलो 40 से 50 मिलीलीटर तरल पदार्थ लेना जरूरी होता है.अगर आपको बहुत ज्यादा पसीना आ रहा है, तो सामान्य मात्रा से 500 मिलीलीटर से 1 लीटर पानी अतिरिक्त जरूर पिएं.
सब्जियों और फलों का करें सेवन
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फल और सब्जियों में भी काफी मात्रा में पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. पसीने के साथ शरीर से सोडियम और पोटैशियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स भी तेजी से बाहर निकल जाते हैं, इसका भी ख्याल रखना जरूरी है. नारियल पानी, ओआरएस का घोल वगैरह शरीर में पानी के साथ-साथ इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को भी पूरा करने में काफी फायदेमंद होते हैं.
डिहाइड्रेशन की समस्या
गर्मी के मौसम में शरीर से पानी बहुत तेजी से बाहर निकलता है, जिस वजह से डिहाइड्रेशन का रिस्क काफी बढ़ जाता है. ऐसी हालत में दिल को शरीर के बाकी हिस्सों तक ऑक्सीजन वाला खून पहुंचाने के लिए ज्यादा जोर लगाना पड़ता है.डिहाइड्रेशन होने पर पसीना निकलने की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है, जिससे शरीर का तापमान बढ़ सकता है और लू लगने यानी हीट स्ट्रोक की आशंका बढ़ जाती है.
अगर आपको बार-बार तेज प्यास लग रही है तो समझ लीजिए कि ये डिहाइड्रेशन का लक्षण है. इसे नजरअंदाज न करें और लगातार लिक्विड लेते रहें.
तेज़ धूप से करें बचाव
अपने रोज के खाने में तरबूज, खरबूज, खीरा, दही, टमाटर, ककड़ी, संतरा और लौकी जैसी चीजों को जरूर जोड़ें. इनका सेवन करने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन नहीं होता.गर्मियों में कोशिश करें कि चाय और कॉफी थोड़ी कम मात्रा में लें क्योंकि ये शरीर को डिहाइड्रेट करती हैं. फिर भी, अगर चाय या कॉफी पीनी ही है तो उससे लगभग एक घंटा पहले भरपूर पानी पी लें.
दोपहर के वक्त तेज धूप में निकलने से जितना हो सके बचें. इस समय लू सबसे ज्यादा तेज होती है और जल्दी अपनी गिरफ्त में ले लेती है. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को टोपी, दुपट्टे या गमछे से अच्छी तरह ढककर ही निकलें. अपने साथ पानी की बोतल और कुछ हल्का खाने का सामान जरूर रखें ताकि कमजोरी या चक्कर आने पर तुरंत ताकत मिल सके.बीपी लो होने से बचने के लिए नींबू-नमक वाला पानी अपने पास रखें.
चक्कर कमजोरी से बचने के लिए इन बातों का रखें ख्याल
घर से बिना नाश्ता किए बिल्कुल न निकलें. नाश्ते में प्रोटीन से भरपूर चीजें लें ताकि बाहर निकलने पर तेज धूप की वजह से चक्कर या कमजोरी महसूस न हो. हालांकि, इतना ज्यादा भी न खाएं कि पेट खराब हो जाए या भारीपन लगे.दोपहर के भोजन में दही या छाछ को जरूर शामिल करें. चाहें तो सलाद के तौर पर खीरा भी खा सकते हैं.इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होगी और गर्मी का असर भी शरीर पर ज्यादा नहीं पड़ेगा.
ये भी पढ़ें:Health Tips: सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है कच्ची हल्दी! जानें कैसे करे सेवन

