Hardik Pandya:आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन और टीम पर लगातार बने दबाव के बीच हार्दिक पांड्या के फ्रेंचाइजी से अलग होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. रिपोर्ट्स बताती हैं कि हार्दिक मेंटल फटीग से जूझ रहे थे और उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान ही MI मैनेजमेंट को अपना फैसला बता दिया था.अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुंबई इंडियंस की कमान अगली बार किसके हाथ में होगी.
IPL 2026 में MI के उम्मीद से बेहद खराब खेल के बाद हार्दिक पांड्या और फ्रेंचाइजी के रिश्तों में दरार की खबरें सामने आई है. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक अगले सीजन में मुंबई इंडियंस के साथ नहीं रहना चाहते. उन्होंने यह बात सीजन खत्म होने से पहले ही टीम मैनेजमेंट को साफ कर दी थी.

IPL 2026 के 44वें मुकाबले और मुंबई की चेन्नई के साथ सीजन की दूसरी भिड़ंत के ठीक बाद हार्दिक पांड्या अचानक टीम से दूर हो गए थे. इसके बाद न तो वह स्क्वॉड के साथ ट्रैवल करते नजर आए और न ही डगआउट में टीम के साथ दिखे.उस वक्त MI मैनेजमेंट ने बयान दिया था कि हार्दिक चोटिल हैं, इसी वजह से प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं है.लेकिन अब अंदर की खबर ये निकलकर आ रही है कि हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस के रिश्तों में खटास आ चुकी है और सबकुछ सामान्य नहीं है.
हार्दिक मानसिक तौर पर पूरी तरह टूट चुके थे
IPL से जुड़े एक सोर्स ने PTI को बताया, “लगातार प्रेशर और खराब रिजल्ट्स ने हार्दिक को अंदर से तोड़ दिया था.वह मेंटली स्ट्रेस्ड थे और बुरी तरह थक चुके थे. उनकी पीठ की पुरानी चोट भी उभर आई थी.जैसे ही प्लेऑफ की रेस से MI बाहर हुई, हार्दिक ने मैनेजमेंट को साफ कर दिया कि वह अब फ्रेंचाइजी के साथ आगे नहीं बढ़ेंगे.” बता दें कि हार्दिक ने 2024 में रोहित शर्मा को रिप्लेस कर मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी.

फैंस की नाराजगी और हूटिंग ने बढ़ाया दबाव
कप्तान बनने के बाद से ही हार्दिक को कड़ी आलोचना और स्टेडियम में दर्शकों की हूटिंग झेलनी पड़ी.सोर्स के मुताबिक, “ये समझना जरूरी है कि हार्दिक की उम्र अभी सिर्फ 32 साल है. 2024 में 30 की उम्र में वह MI में वापस आए थे. पहले ही सीजन में उन्हें फैंस के गुस्से का सामना करना पड़ा और इस साल भी कुछ भी प्लान के हिसाब से नहीं चला.”यह बात उस फैसले की तरफ इशारा करती है जब फैन फेवरेट रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक को कप्तान बनाया गया था. बीते दो सीजन में कई मैचों के दौरान MI फैंस ने हार्दिक की लगातार हूटिंग की. भले ही वह इससे परेशान दिखे, लेकिन हर बार उनका जवाब यही रहा कि “सफर मुश्किल था, पर एक्साइटिंग भी.” IPL सोर्स की मानें तो अब हार्दिक का सब्र टूट चुका है.

पिछले तीन साल रहे मुश्किल भरे
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन पिछले तीन सीजन में औसत से नीचे ही रहा.टीम पिछले साल प्लेऑफ तक पहुंची थी, मगर क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, हार्दिक चाहते थे कि पूरी टीम एक सोच के साथ आगे बढ़े, लेकिन ऐसा हुआ नहीं. सोर्स ने कहा, “MI का ड्रेसिंग रूम 2021 जैसा नहीं रहा, जब हार्दिक ने टीम छोड़ी थी. सभी सीनियर खिलाड़ी एक पेज पर नहीं थे. अगर नतीजे बेहतर होते तो शायद फ्रस्ट्रेशन कम होती, लेकिन जब हर कोई अलग रास्ते पर चलने लगे तो मेंटल प्रेशर कई गुना बढ़ जाता है.इसी वजह से हार्दिक ने मन बना लिया था कि वह अगले सीजन MI का हिस्सा नहीं रहेंगे.”
क्या रोहित-सूर्या के रवैये से दुखी थे हार्दिक?
रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या को सबसे ज्यादा ठेस इस बात से पहुंची कि जब वह टीम इंडिया के लिए T20 खेलते थे तो सीनियर प्लेयर्स उनसे पूरे डेडिकेशन की उम्मीद करते थे। लेकिन जब वह खुद MI की कमान संभाल रहे थे, तब उन्हें सीनियर्स से वैसा सपोर्ट और कमिटमेंट नहीं मिला.फिलहाल यह तय नहीं है कि हार्दिक किसी दूसरी फ्रेंचाइजी में ट्रेड के जरिए जाएंगे या फिर IPL ऑक्शन का रास्ता चुनेंगे. अगस्त तक इस पर कुछ तस्वीर साफ हो सकती है. मगर इतना पक्का है कि हार्दिक अब मुंबई इंडियंस के साथ नहीं रहना चाहते.जिन सीनियर खिलाड़ियों की बात हो रही है, उनमें रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह का नाम हो सकता है.हालांकि सोर्स ने किसी का नाम नहीं लिया है.

क्या CSK होगी हार्दिक की नई टीम?
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अगर हार्दिक नई फ्रेंचाइजी जॉइन करना चाहें तो चेन्नई सुपर किंग्स उनके लिए सबसे अच्छा ऑप्शन हो सकती है.हालांकि इसे लेकर कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है. सोशल मीडिया पर अटकलें हैं कि CSK ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे के बदले हार्दिक को ट्रेड कर सकती है .शिवम दुबे और म्हात्रे को लेकर भी चर्चा चल रही है.अब देखना होगा कि आगे क्या डील होती है.
मुंबई इंडियंस की कप्तानी अब किसे मिलेगी?
हार्दिक के MI छोड़ने की सूरत में फ्रेंचाइजी को नया कप्तान ढूंढना पड़ेगा.रिपोर्ट के मुताबिक टीम के पास दो रास्ते हैं. पहला, अनुभवी रोहित शर्मा को फिर से कप्तानी सौंप दी जाए. रोहित की कप्तानी में MI ने 5 बार IPL ट्रॉफी जीती है और वह अब भी टीम के सबसे बड़े मैच विनर हैं. दूसरा ऑप्शन तिलक वर्मा को फ्यूचर कैप्टन के तौर पर ग्रूम करना है.रिपोर्ट कहती है कि मुंबई इंडियंस लॉन्ग टर्म प्लान के तहत तिलक पर दांव लगा सकती है और नई टीम बना सकती है. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि आने वाले महीनों में हार्दिक पांड्या क्या फैसला लेते हैं.
ये भी पढ़ें:Health Tips: सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है कच्ची हल्दी! जानें कैसे करे सेवन

