Sudhir Pandey:फिल्म “गिन्नी वेड्स सनी 2” के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर सीनियर एक्टर सुधीर पांडे नज़र आए थे.इसी इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. क्लिप में सुधीर अचानक मंच से उतरकर जाते दिखे. ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि टीम ने उन्हें नज़रअंदाज किया और उनकी बेइज्जती की है.
अचानक स्टेज से उतरे Sudhir Pandey
वेटरन एक्टर सुधीर पांडे इन दिनों चर्चा में हैं. उन्हें हाल ही में फिल्म “गिन्नी वेड्स सनी 2” के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में देखा गया था. इसी इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. क्लिप में सुधीर को अचानक मंच से उतरकर जाते हुए देखा गया.

इससे इंटरनेट पर बहस छिड़ गई कि मेकर्स और बाकी कास्ट ने सीनियर एक्टर को कोई सम्मान नहीं दिया. फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि शायद फिल्म की टीम ने उन्हें नजरअंदाज किया और उनकी तौहीन की है.
क्या सुधीर को नजरअंदाज किया गया?
अब सुधीर पांडे ने खुद इस पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखा है. एक हालिया इंटरव्यू में सभी अफवाहों को खत्म करते हुए एक्टर ने बताया कि दरअसल उन्हें दूसरे प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए निकलना पड़ा था.एचटी सिटी से बातचीत में सुधीर पांडे ने अफवाहों को खारिज किया और कहा, “ऐसा बिल्कुल नहीं था कि मेरी बेइज्जती हुई हो.मैं टीम के साथ ट्रेलर लॉन्च करने गया था, मैं वहां रुकना चाहता था. मैं सबके साथ स्टेज पर गया था और उससे पहले आगे की पंक्ति में बैठा हुआ था. जिसने ये वीडियो रिकॉर्ड किया, शायद उन्होंने ये नहीं देखा.जब अनाउंसमेंट हुआ, तो मैं सबके साथ ऊपर गया था. “

उन्होंने आगे कहा, ‘दिक्कत ये थी कि मुझे बहुत जल्दी थी, क्योंकि मेरी दूसरी फिल्म की शूटिंग चल रही है. इसलिए मैं इस ट्रेलर लॉन्च में शूटिंग के बीच से आया था.मैंने ‘गिन्नी…’ के प्रोडक्शन हाउस को पहले ही बता दिया था कि मैं थोड़ा जल्दबाज़ी में आऊंगा.आप मुझे जो स्टेज से उतरते देख रहे हैं, वो इसलिए है क्योंकि मुझे दूसरी शूटिंग पर जाना था और मुझे लगातार मैसेज आ रहे थे.
सुधीर पांडे ने अपनी नई फिल्म को लेकर भी बात की. उन्होंने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा, ” गिन्नी वेड्स सनी 2″ में मेरा काफी दमदार रोल है और ये एक बेहतरीन फिल्म है.इसलिए मैंने दूसरी फिल्म की टीम से इजाजत ली थी.मैं उनका आभारी हूं कि उन्होंने मुझे आने दिया। मैं अपने काम को लेकर हमेशा ईमानदार रहा हूं. मैं इस इंडस्ट्री में 1976 में आया था.अब 50 साल पूरे हो गए है.”

इंटरनेट पर हो रही थी चर्चा
सुधीर पांडे का वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद फैंस ने कमेंट्स में चिंता जाहिर की थी. ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम और रेडिट तक ये वीडियो वायरल हो गया था.एक यूजर ने कमेंट में लिखा था, “युवा कलाकार सीनियर एक्टर्स का सम्मान करना भूल जाते हैं.” दूसरे का कमेंट था, “ये सबसे सही बात है.जिस जगह आपको इज्जत नहीं मिल रही, वहां से निकल जाओ, अपनी बची-खुची इज्जत मत गंवाओ.”तीसरे ने कमेंट में लिखा, “मुझे लगता है उन्होंने ठीक किया जो स्टेज से चले गए. उन्हें सलाम ” एक और फैन ने लिखा, ‘ये बेहद दुखद है. वे बहुत मेहनती सीनियर एक्टर रहे हैं.”
फिल्म “गिन्नी वेड्स सनी 2” की बात करें तो ये 2020 में आई यामी गौतम और विक्रांत मैसी स्टारर फिल्म “गिन्नी वेड्स सनी” का स्पिरिचुअल सीक्वल है. फिल्म में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की नई जोड़ी दिखाई देगी.यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
ये भी पढ़ें:Kangana Ranaut ने Rahul Gandhi पर साधा निशाना! टपोरी कहते हुए बताया अनुशासनहीन

