Deepika Murder Case:ग्रेटर नोएडा में हुए दीपिका हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक दीपिका की तिल्ली पूरी तरह से फटी हुई पाई गई.साथ ही उनके दिमाग में खून का थक्का जमा मिला. उनके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान भी सामने आए हैं.
पोस्टमार्टम में सामने आया कि शरीर पर बाहरी और अंदरूनी दोनों तरह की कई गंभीर चोटें थीं.ये सभी निशान इस बात की तरफ इशारा करते हैं कि दीपिका के साथ बर्बरता से मारपीट की गई थी या उन्हें किसी हिंसक हमले का शिकार बनाया गया था.

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका के परिवार वालों ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाया है. इस बीच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने इस पूरे मामले को और ज्यादा संगीन बना दिया है.
पोस्टमॉर्टम में दीपिका के शरीर पर मिली गंभीर चोटें
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि दीपिका के शरीर पर कई जगह गंभीर बाहरी चोटों के निशान थे. उनके दाहिने गाल पर करीब 12 सेंटीमीटर लंबा सूजन का निशान मिला. वहीं बाईं कोहनी और बाएं हाथ पर भी गहरे जख्म पाए गए. रिपोर्ट में दर्ज है कि दाहिनी जांघ पर लगभग 38 सेंटीमीटर लंबा गहरा नीला दबाव का निशान था.बाएं घुटने पर इतना गहरा घाव था जो हड्डी तक पहुंच गया था. इसके अलावा कमर और पेट के निचले हिस्से पर चोट के निशान मिले.दाहिने इलियक क्रेस्ट के ऊपर बड़े आकार का गोल कंट्यूजन था और दोनों हाथों के चारों तरफ भी चोट के निशान मौजूद थे.

जांच के दौरान बाएं कान से खून बहने के सबूत मिले.सीने और पेट के बाईं तरफ दबाव और रगड़ के गहरे निशान भी देखे गए. रिपोर्ट के अनुसार दिमाग के बीच और बाईं तरफ खून का थक्का यानी हेमेटोमा पाया गया.तिल्ली फटी हुई मिली, जबकि बाईं किडनी का रंग पीला पड़ चुका था. शरीर के कई अंदरूनी हिस्सों में ब्लीडिंग की पुष्टि हुई है. हृदय के चैम्बर खाली मिले.
शरीर पर मिले चोट के निशान किसी बड़े आघात की ओर इशारा कर रहे
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ तौर पर बताया गया है कि दीपिका के शरीर पर मौजूद गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें किसी बड़े शारीरिक आघात की तरफ संकेत कर रही हैं. खासकर दिमाग में मिले खून के थक्के और फटी हुई तिल्ली को बेहद हिंसक चोटों का नतीजा माना जा रहा है. फिलहाल विसरा को सुरक्षित रख लिया गया है और उसमें किसी तरह के जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की जांच के लिए लैब भेज दिया गया है.
दीपिका की मां सरोज नागर ने बताया कि परसों रात करीब एक बजे उन्हें सूचना दी गई कि उनकी बेटी छत से गिर गई है. उन्होंने यह नहीं बताया कि वह कैसे गिरी या घटना के पीछे असल वजह क्या थी. जब हमने उनसे पूछा कि हमारी बेटी कैसे गिरी, तो कोई साफ जवाब नहीं मिला. सरोज नागर का आरोप है कि पिछले आठ महीनों से ससुराल वाले उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे.
ये भी पढ़ें:Health Tips: सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है कच्ची हल्दी! जानें कैसे करे सेवन

