Summer Healthy Drink:गर्मी के दिनों में बार-बार कुछ ठंडा, चटपटा और रिफ्रेशिंग पीने का मन होता है.लेकिन बाजार में मिलने वाले ज्यादातर ड्रिंक्स में चीनी और कृत्रिम फ्लेवर की भरमार होती है.इसीलिए लोग अक्सर लस्सी, शिकंजी और दूसरी घरेलू ड्रिंक्स की तरफ रुख करते हैं.
मगर रोजाना वही एक जैसा स्वाद पीते-पीते बोरियत हो जाती है. अगर आप भी हर दिन लस्सी और शिकंजी पीकर ऊब चुके हैं, तो इस बार कुछ नया और फायदेमंद ट्राई करें.

यह ऑप्शन है सूखे आलूबुखारे से तैयार किया गया हाई-फाइबर जूस. स्वाद में खट्टा-मीठा और चटपटा होने के साथ-साथ यह जूस सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है. यह न सिर्फ स्वाद में दमदार है, बल्कि कब्ज, गैस और पाचन से जुड़ी कई समस्याओं में राहत दिलाने में मदद कर सकता है.
तो अगर आप गर्मियों में हेल्दी और टेस्टी दोनों चाहते हैं, तो इस बार सूखे आलूबुखारे का यह जूस जरूर आजमाएं
सूखे आलूबुखारे का खट्टा-मीठा हाई-फाइबर जूस – गर्मियों का हेल्दी रिफ्रेशर
सूखे आलूबुखारे, नींबू, सौंफ, जीरा और काले नमक के मेल से बनने वाला यह जूस स्वाद में खट्टा-मीठा और हल्का मसालेदार होता है. गर्मी के मौसम में यह ड्रिंक तुरंत ताजगी देती है और हर घूंट में अलग-अलग फ्लेवर का अहसास कराती है
.गैस, पेट फूलना, कब्ज और बार-बार होने वाली अपच जैसी दिक्कतों में भी यह फायदेमंद माना जाता है.अगर आप रोजाना एक जैसे शरबत और जूस पीकर ऊब चुके हैं, तो यह आसान प्रून जूस रेसिपी जरूर आजमाएं.

यह जूस खास क्यों है?
प्रून यानी सूखे आलूबुखारे में फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन तंत्र के लिए अच्छा माना जाता है.इसे नियमित रूप से सीमित मात्रा में पीने से कब्ज जैसी समस्याओं में आराम मिल सकता है.साथ ही इसमें मिलाया गया सौंफ, जीरा, नींबू और काला नमक न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि पाचन को भी बेहतर बनाता है.
सामग्री
- 8-10 सूखे आलूबुखारे
- 1 कप गर्म पानी – भिगोने के लिए
- 1 छोटा चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1-2 छोटा चम्मच गुड़ पाउडर
- आधा छोटा चम्मच काला नमक
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- 2-3 कप ठंडा पानी
- बर्फ के टुकड़े – जरूरत अनुसार
- नींबू की स्लाइस – सजावट के लिए

बनाने की विधि
- सबसे पहले सूखे आलूबुखारे को साफ पानी से धो लें और एक कटोरी में डालकर 30 मिनट तक गर्म पानी में भिगो दें.
- एक पैन गरम करके उसमें सौंफ और जीरा डालें और हल्का सा सूखा भून लें.ठंडा होने पर इसे दरदरा कूट लें.
- मिक्सर जार में भीगे हुए आलूबुखारे डालें. इसके साथ गुड़ पाउडर, काला नमक, तैयार किया हुआ सौंफ-जीरा मसाला और नींबू का रस डालें.
- सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर एक मुलायम प्यूरी बना लें.इस प्यूरी को एक बड़े बर्तन में निकालकर उसमें ठंडा पानी मिलाएं.
- अब इसमें बर्फ के टुकड़े डालें और अच्छे से हिलाएं, ताकि जूस पूरी तरह ठंडा और रिफ्रेशिंग हो जाए. ऊपर से नींबू की स्लाइस से सजाकर सर्व करें.
ये भी पढ़ें:Health Tips: सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है कच्ची हल्दी! जानें कैसे करे सेवन

