Raja Raghuwanshi Murder case:मेघालय की राजधानी शिलांग की एक अदालत ने बहुचर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस में अहम फैसला देते हुए मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है.कई महीनों से न्यायिक हिरासत में बंद सोनम को उसकी चौथी जमानत अर्जी पर कोर्ट से राहत मिली है.इससे पहले कोर्ट उसकी तीन जमानत याचिकाओं को खारिज कर चुका था.अदालत के इस निर्णय से पीड़ित परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है और वे न्याय व्यवस्था से निराश नजर आ रहे है.

कई महीनों से हिरासत में थी सोनम
इंदौर के ट्रांसपोर्ट बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की हत्या से जुड़े इस केस में कोर्ट ने मंगलवार को सोनम रघुवंशी की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली. इस बात की जानकारी मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने दी.सोनम पर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश करने का आरोप है और उसे इस मामले की मुख्य आरोपी माना जाता है. वह लंबे वक्त से शिलांग की जेल में बंद थी और लगातार जमानत के लिए कोशिश कर रही थी.

बाकी आरोपियों को पहले ही मिल चुकी बेल
इस केस में दूसरे आरोपी लोकेंद्र सिंह तोमर, बलबीर अहिरवार और शिलॉम जेम्स को पहले ही जमानत मिल चुकी है.वहीं कथित साथी राज रघुवंशी अभी भी जेल में बंद है. परिवार का कहना है कि कोर्ट का यह फैसला उनके लिए बड़ा झटका है और इससे न्याय की उनकी लड़ाई कमजोर हुई है. उन्होंने बताया कि वे अब आगे के कानूनी रास्तों पर विचार करेंगे.

पूरा मामला क्या है?
यह केस मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी की कथित हत्या से जुड़ा है, जिसमें उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बनाया गया है.इस हत्याकांड के सामने आने के बाद देशभर में इसकी खूब चर्चा हुई थी और जांच के दौरान कई हैरान करने वाले खुलासे हुए थे.

शिलांग कोर्ट से सोनम रघुवंशी को मिली जमानत इस चर्चित मर्डर केस में बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है.हालांकि, जमानत मिल जाने का मतलब आरोपों से मुक्त होना नहीं है. अब सबकी नजरें इस केस की आगे की सुनवाई और ट्रायल पर टिकी हैं, जिससे असली सच्चाई सामने आएगी.
ये भी पढ़ें:पीएम-सीएम बर्खास्तगी विधेयक पर जेपीसी विवाद

