Ranbir Kapoor:रणबीर कपूर की आगामी फिल्म “रामायण” का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, जो दिवाली पर रिलीज होने वाली है.फिल्म की कास्ट न्यूयॉर्क पहुंची, जहां फिल्म की पहली झलक को दिखाया गया. इस दौरान रणबीर कपूर ने बताया कि उन्होंने पहले इस फिल्म को करने से मना कर दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने हामी भर दी. तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिरकार क्यों मना करके बाद में मान गए रणबीर कपूर?

अपने किरदार पर बोले रणबीर कपूर
रणबीर कपूर ने कार्यक्रम में बताया कि भगवान राम की भूमिका निभाना उनके लिए जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अवसर है.जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने इस किरदार के लिए कैसे तैयारी की, तो रणबीर ने कहा, “मेरी तैयारी तो उसी दिन शुरू हो गई थी जब मैंने रामानंद सागर की “रामायण” देखी थी.”

रणबीर ने आगे बताया कि उन्होंने भगवान राम के किरदार को समझने के लिए कई किताबें पढ़ीं और रामायण के विभिन्न संस्करणों का अध्ययन किया .उन्होंने कहा, “मैंने इस किरदार को निभाने के लिए अपने आप को पूरी तरह से तैयार किया है.”
रणबीर कपूर ने कहा, “भगवान राम की कहानी हमारे मन में इतनी गहराई से बसी हुई है कि हमें इस पर बहुत गर्व है. जब मुझे यह भूमिका निभाने का मौका मिला, तो मैंने न केवल शारीरिक, बल्कि भावनात्मक और आध्यात्मिक तैयारी भी की.”
उन्होंने आगे कहा, “भगवान राम को दुनिया भर में अरबों लोग प्यार करते हैं और उनका प्यार सदियों तक बना रहेगा.मुझे इस किरदार और रामायण की कहानी से बहुत प्यार और सम्मान है. जब यह भावना मेरे मन में होती है, तो सब कुछ अपने आप ठीक हो जाता है.”
एक्टर ने क्यों ठुकरा दिया था रामायण ?
रणबीर कपूर ने इवेंट में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने पहले “रामायण” का ऑफर ठुकरा दिया था.उन्होंने कहा, “मुझे याद है जब नमित ने मुझे लगभग चार साल पहले यह रोल ऑफर किया था, तो मेरी पहली प्रतिक्रिया थी नहीं.मैं इसके लिए फिट नहीं हूं, अच्छा नहीं हूं और मैं इसके साथ पूरा न्याय नहीं कर पाऊंगा.”

रणबीर कपूर ने अपनी झिझक को याद करते हुए कहा कि वह भगवान राम के किरदार को निभाने के लिए तैयार नहीं थे.लेकिन बाद में उन्होंने इस रोल को स्वीकार कर लिया और अब वह इस फिल्म का हिस्सा हैं.
किरदार को बताया महत्वपूर्ण मोड़
रणबीर कपूर ने कहा कि पिता बनना और भगवान राम का किरदार निभाना उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ था. उन्होंने बताया कि जब उन्हें फिल्म का ऑफर मिला और बेटी राहा के पिता बनने की खुशी मिली, तो उनका डर कृतज्ञता में बदल गया.
रणबीर ने कहा, “मेरे जीवन में ऐसे अवसरों की बहुत जरूरत थी.मैं अपने जीवन के ऐसे दौर में था जहां मुझे अपना जीवन और जीवनशैली बदलने की जरूरत थी. मैं पहली बार पिता बना था, और भगवान राम का रोल निभाने का यह सुखद संयोग मेरे जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ.”

हनुमान जयंती पर सामने आएगी राम की झलक
रामायण फिल्म की पहली झलक 2 अप्रैल को हनुमान जयंती पर रिलीज होगी, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे. नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है और दिवाली पर इसका पहला पार्ट रिलीज होगा. साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में है. दूसरा पार्ट 2027 में दिवाली पर रिलीज होगा.
ये भी पढ़ें:Toxic फिल्म में सामने आया नयनतारा का फर्स्ट लुक! 19 मार्च को रिलीज होगी फिल्म

