बारामती/मुंबई | 28 जनवरी, 2026
महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती में एक चार्टर्ड विमान दुर्घटना में निधन हो गया।। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (66) का बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती में एक चार्टर्ड विमान दुर्घटना में निधन । नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और राज्य सरकार ने इस खबर की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजित पवार आज सुबह मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। वे वहां होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए चार जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे।
सुबह करीब 8:45 बजे, जब उनका निजी विमान (Bombardier Learjet 45) बारामती हवाई अड्डे के रनवे पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था, तभी तकनीकी खराबी या खराब दृश्यता (कोहरे) के कारण विमान का संतुलन बिगड़ गया। चश्मदीदों के मुताबिक, विमान रनवे के पास खेतों में जा गिरा और गिरते ही उसमें भीषण विस्फोट हुआ। कुछ ही पलों में पूरा विमान आग की लपटों में घिर गया।
हादसे में कोई जीवित नहीं बचा
DGCA की रिपोर्ट के अनुसार, इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की मृत्यु हो गई है। मृतकों में शामिल हैं:
- अजित पवार, उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र।
- विदिप जाधव, निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO)।
- पिंकी माली, अटेंडेंट।
- कैप्टन शाम्भवी पाठक, पायलट।
- सुमित कपूर, को-पायलट।
देशभर में शोक और राजकीय प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राज्य की सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “अजित पवार जी एक कद्दावर जननेता थे। महाराष्ट्र के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।”

राजनीतिक सफर और विरासत
अजित पवार, जिन्हें समर्थक प्यार से ‘दादा’ कहते थे, महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक थे। वे रिकॉर्ड 6 बार राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे। बारामती विधानसभा क्षेत्र से वे लगातार सात बार विधायक चुने गए थे। सहकारी क्षेत्र और प्रशासन पर उनकी पकड़ बेजोड़ मानी जाती थी।
जांच के आदेश
नागर विमानन मंत्रालय ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की एक टीम को दिल्ली से बारामती भेजा है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह लैंडिंग के समय तकनीकी खराबी और भारी कोहरा माना जा रहा है।

