PM Modi: नई दिल्ली में ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2025 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 के बाद भारत ने अपना दृष्टिकोण बदला और यही वजह है कि आज देश तकनीक और अर्थव्यवस्था दोनों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारें अवसर खो देती थीं, लेकिन अब भारत “क्वांटम जंप” की नीति पर काम कर रहा है। मोदी ने गर्व से बताया कि भारत ने Made In India 5G बनाया और रिकॉर्ड समय में पूरे देश में लागू किया। अब देश 6G तकनीक पर भी पूरी क्षमता से काम कर रहा है।

इस साल आएगी Made In India सेमीकंडक्टर चिप
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत 50-60 साल पहले सेमीकंडक्टर उत्पादन शुरू कर सकता था, लेकिन उस वक्त सरकारें चुनावी राजनीति तक सीमित रहीं। उन्होंने कहा कि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। सेमीकंडक्टर से जुड़ी फैक्ट्रियां भारत में स्थापित हो रही हैं और इस साल के अंत तक पहली Made In India सेमीकंडक्टर चिप बाजार में उपलब्ध होगी। मोदी ने बताया कि सरकार ने इस क्षेत्र के लिए 76,000 करोड़ रुपये का सेमीकंडक्टर मिशन शुरू किया है, जिसमें से 62,900 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इससे भारत तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा रहा है।

भारत की अर्थव्यवस्था बनी वैश्विक उम्मीद
मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में वैश्विक ग्रोथ में भारत का योगदान करीब 20 प्रतिशत तक होगा। उन्होंने कहा कि भारत बहुत जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के बाद भी भारत की आर्थिक स्थिरता को मजबूती बताया। उन्होंने कहा कि देश का राजकोषीय घाटा 4.4 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य है, महंगाई नियंत्रित है और विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड स्तर पर है। यही वजह है कि हाल ही में एसएंडपी ग्लोबल ने लगभग दो दशक बाद भारत की क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड किया है।

अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में भारत की छलांग
प्रधानमंत्री ने कहा कि 1979 से 2014 तक सिर्फ 42 अंतरिक्ष मिशन पूरे हुए, जबकि पिछले 11 वर्षों में भारत ने 60 से ज्यादा स्पेस मिशन पूरे किए। इस साल भारत ने स्पेस डॉकिंग की क्षमता हासिल की है। गगनयान मिशन की तैयारी भी तेजी से चल रही है। मोदी ने बताया कि 2027 में भारत का पहला मानव मिशन अंतरिक्ष में जाएगा और 2040 तक भारतीय अंतरिक्ष यात्री चांद पर कदम रखेंगे। उन्होंने कहा कि 2035 तक भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन होगा। मोदी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी भारत लगातार आत्मनिर्भर बन रहा है और दुनिया भारत की टेक्नोलॉजी को अपनाने लगी है।

स्टार्टअप और रिसर्च पर बड़ा निवेश
मोदी ने कहा कि देश में आज रिसर्च और इनोवेशन पर अभूतपूर्व निवेश हो रहा है। उन्होंने बताया कि 50,000 करोड़ रुपये का नेशनल रिसर्च फाउंडेशन और 1 लाख करोड़ रुपये का रिसर्च एंड डेवलपमेंट फंड स्टार्टअप्स और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में भारत में सिर्फ एक स्पेस स्टार्टअप था, लेकिन आज 300 से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं। सरकार ने इस साल बजट में अंतरिक्ष स्टार्टअप्स के लिए 1,000 करोड़ रुपये का वेंचर कैपिटल फंड भी बनाया है। यह निवेश भारत को रिसर्च और डेवलपमेंट में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
6G, EV और निर्यात पर भारत की नई दिशा
मोदी ने कहा कि भारत ने 5G तकनीक को रिकॉर्ड समय में लागू करके दुनिया को चौंका दिया और अब Made In India 6G पर तेज़ी से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि भारत जल्द ही 100 देशों को इलेक्ट्रिक वाहन एक्सपोर्ट करेगा। मोदी ने यह भी कहा कि पिछले साल भारत ने 4 लाख करोड़ रुपये के कृषि उत्पाद निर्यात किए और 400 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन खुराक बनाई। यह सब भारत की आत्मनिर्भरता और उत्पादन क्षमता का सबूत है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत सिर्फ तकनीकी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था को दिशा देने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें: Pm modi ने Space Day पर किया संबोधन! बोले भारत जल्द ही बनाएगा अपना स्पेश स्टेशन